विकास नगर और गुड़ियारी में नियमों के विपरीत बन रहे चार निर्माणाधीन भवन किए गए ध्वस्त
रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए चार निर्माणाधीन भवनों पर बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई नगर निगम जोन-8 की टीम ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम वार्ड क्रमांक-19 के विकास नगर और गुड़ियारी क्षेत्र में की।

नगर निगम के अनुसार, संबंधित भवनों का निर्माण निर्धारित अनुमति और स्वीकृत नक्शे के विपरीत किया जा रहा था। जांच के बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम मौजूद रही।

कलेक्टर और निगम आयुक्त के निर्देश पर कार्रवाई
नगर निगम ने बताया कि यह अभियान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश तथा नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाया गया। प्रशासन का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण और भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति, स्वीकृत नक्शे के विपरीत या भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक अनुमति प्राप्त करें और निर्धारित नियमों का पालन करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।








