भिलाई के आजाद चौक की घटना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, हादसे की आशंका
दुर्ग। भिलाई के जोन-2 वार्ड-26 स्थित आजाद चौक में हाल ही में बनी करीब 70 फीट ऊंची पानी की टंकी लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है। टंकी की टेस्टिंग अभी तक नहीं हुई है, लेकिन इसके बावजूद बच्चे और युवा उस पर चढ़कर फोटोशूट और खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। इसका वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

70 फीट ऊंचाई पर बैठकर लटकाए पैर
वायरल वीडियो में कुछ बच्चे और युवा पानी की टंकी के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंचे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक बच्चा करीब 70 फीट की ऊंचाई पर बैठकर दो बार अपने दोनों पैर टंकी से बाहर लटकाता नजर आता है। जरा-सी चूक होने पर बड़ा हादसा हो सकता था।

गार्ड की मौजूदगी के बावजूद पहुंच रहे ऊपर
स्थानीय लोगों के अनुसार, टंकी की सुरक्षा के लिए नीचे गार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। इसके बावजूद बच्चे और युवा किसी तरह टंकी के ऊपर तक पहुंच जाते हैं। गार्ड कई बार उन्हें समझाने की कोशिश करता है, लेकिन उसकी बात का असर नहीं हो रहा।

स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से टंकी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर सख्ती नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा।







