बंदियों तक प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने की कोशिश के बाद प्रशासन सख्त, अस्थायी रूप से बदले गए नियम
रायपुर। छत्तीसगढ़ की केंद्रीय जेल रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जेल प्रशासन ने बंदियों से मुलाकात की व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया है। हाल के दिनों में मुलाकात के दौरान दैनिक उपयोग की वस्तुओं में प्रतिबंधित सामग्री छिपाकर जेल के भीतर पहुंचाने के प्रयास सामने आने के बाद यह निर्णय लिया गया है।

दैनिक उपयोग के सामान में छिपाकर पहुंचाई जा रही थी प्रतिबंधित सामग्री
जेल प्रशासन के अनुसार, पिछले माह कुछ परिजनों ने बंदियों तक प्रतिबंधित वस्तुएं पहुंचाने के लिए दैनिक उपयोग के सामान का सहारा लिया। हालांकि, जेल कर्मचारियों की सतर्कता और सघन तलाशी अभियान के चलते सभी प्रयास समय रहते विफल कर दिए गए। तलाशी के दौरान संदिग्ध वस्तुओं की जांच में प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई, जिसे जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

सुरक्षा व्यवस्था को और किया गया मजबूत
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए जेल प्रशासन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल को और सख्त कर दिया है। इसी के तहत बंदियों से मुलाकात की प्रक्रिया में अस्थायी परिवर्तन लागू किया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

जेल प्रशासन ने लोगों से की सहयोग की अपील
जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने बंदियों के परिजनों और मुलाकात के लिए आने वाले लोगों से नियमों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री जेल परिसर में लाने का प्रयास न करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









