छात्राओं की शिकायत के बाद मचा हड़कंप, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित डोंगाकोहरौद शासकीय प्राथमिक शाला से बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। स्कूल के हेडमास्टर भुवनेश्वर कौशिक पर छात्राओं के सामने कथित रूप से अशोभनीय और आपत्तिजनक हरकत करने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी हेडमास्टर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

छात्राओं ने परिजनों को बताई पूरी घटना
जानकारी के अनुसार, छात्राओं का आरोप है कि हेडमास्टर कक्षा में पढ़ाने के बजाय अनुचित स्थिति में बैठे थे और चौथी एवं पांचवीं कक्षा की छात्राओं को अपने पास बुलाने का प्रयास कर रहे थे। उनकी कथित हरकत से घबराई छात्राओं ने घर पहुंचकर पूरी घटना अपने परिजनों को बताई।

ग्रामीणों और अभिभावकों में आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक स्कूल पहुंच गए। आरोप है कि जब वे मौके पर पहुंचे, तब हेडमास्टर आपत्तिजनक स्थिति में अपनी कुर्सी पर बैठे मिले। इसके बाद अभिभावकों ने तत्काल डायल-112 और पामगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी हेडमास्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्राओं व अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
कलेक्टर ने दिए तत्काल जांच के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जांच जारी, आरोपों की होगी पुष्टि
फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। आरोपों की पुष्टि होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







