अड्डेबाजी, नशाखोरी और फरार वारंटियों पर कार्रवाई, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चला अभियान

बिलासपुर। जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में सार्वजनिक शांति भंग करने, अड्डेबाजी, नशाखोरी और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को निशाना बनाया गया।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान आठ आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। ये आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी और शांति व्यवस्था भंग करने जैसी गतिविधियों में शामिल पाए गए। वहीं तीन फरार गिरफ्तारी वारंटियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

सिरगिट्टी पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराध और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का माहौल बना रहे।







