बिलासपुर के जरहाभाठा में सामने आया दर्दनाक मामला
बिलासपुर। सिविल लाइन क्षेत्र के जरहाभाठा में पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा आयुषी कुर्रे उर्फ खुशी की आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच के बाद पुलिस ने उसके प्रेमी दीपक कुमार खाण्डे उर्फ चेरी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
प्रेम संबंध और मानसिक प्रताड़ना की पुष्टि
पुलिस की मर्ग जांच में यह सामने आया कि आयुषी और दीपक के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन रिश्ते में तनाव और कथित मानसिक प्रताड़ना के कारण छात्रा मानसिक रूप से परेशान थी। जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनसरी की रहने वाली आयुषी, बिलासपुर के जरहाभाठा में किराए के मकान में रहकर पीएससी की तैयारी कर रही थी।
21 मार्च को फांसी लगाकर दी जान
जानकारी के अनुसार, छात्रा ने 21 मार्च 2026 को अपने किराए के कमरे में पंखे से स्टॉल बांधकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया।
बैंक ट्रांजेक्शन और संबंधों का खुलासा
जांच में यह भी सामने आया कि 16 मई 2025 से 20 मार्च 2026 के बीच आयुषी ने दीपक के बैंक खाते में 28 किश्तों में कुल 67,050 रुपये ट्रांसफर किए थे। इससे दोनों के बीच नजदीकी संबंधों की पुष्टि हुई है।
कॉल डिटेल से खुला बड़ा राज
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन 20 मार्च 2026 को शाम करीब 6 बजे तक दीपक आयुषी के कमरे में मौजूद था। इसके बाद वह वहां से चला गया।
इसके बाद आयुषी ने उसे लगातार कॉल किए। कॉल डिटेल रिकॉर्ड के अनुसार शाम 7:06 बजे से रात 11:59 बजे तक उसने 38 बार फोन किया, लेकिन दीपक ने कॉल रिसीव नहीं किया।
अन्य महिला से बातचीत का आरोप
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि दीपक किसी अन्य महिला से बातचीत करता था और उसके साथ संबंध भी थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की जानकारी मिली है, जिससे आयुषी मानसिक तनाव में आ गई थी।
पुलिस ने दर्ज किया केस
जांच के आधार पर पुलिस ने निष्कर्ष निकाला कि प्रेमी के व्यवहार और मानसिक दबाव के कारण छात्रा अवसाद में चली गई और उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।








