मेडिकल जांच के दौरान आरोपी ने पुलिस को दिया चकमा, एसपी ने की कड़ी कार्रवाई
धमतरी। जिले में एनडीपीएस एक्ट के एक आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया जा रहा था आरोपी
जानकारी के अनुसार थाना सिहावा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत दर्ज प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों को 11 जून 2026 को चिकित्सीय परीक्षण के लिए थाना सिहावा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया जा रहा था। इस दौरान सुरक्षा एवं निगरानी की जिम्मेदारी सहायक उप निरीक्षक सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, डीएसएफ आरक्षक हिमेश नेताम तथा महिला आरक्षक डिगेश्वरी साहू के पास थी।
इलाज के दौरान आरोपी हुआ फरार
चिकित्सीय परीक्षण के दौरान आरोपी पलाश गजभिए (32 वर्ष), निवासी कचूरवाही, थाना आरोली, तहसील रामटेक, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जैसे ही इसकी जानकारी पुलिस को मिली, पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तत्काल उसकी तलाश के लिए टीमों को सक्रिय किया गया।
आरोपी के खिलाफ एक और मामला दर्ज
फरार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 262 के तहत एक अतिरिक्त अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जिले की सीमाओं के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी सूचना भेजी गई है।
प्रारंभिक जांच में लापरवाही उजागर
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने मामले की प्रारंभिक जांच कराई। जांच में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने पर चारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विभागीय जांच जारी, जवाबदेही तय होगी
पुलिस विभाग ने पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक और आरोपी के फरार होने के कारणों की गहन जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।








