भाठागांव रिंग रोड के पास ग्राहक तलाशते हुए दबोचा गया आरोपी
रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.842 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डीसीपी पश्चिम जोन संदीप पटेल और अतिरिक्त डीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में पुरानी बस्ती थाना पुलिस को 14 जून 2026 को सूचना मिली कि एक व्यक्ति भाठागांव रिंग रोड स्थित वालफोर्ट गेट के पास गांजा बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।
तलाशी में बैग से मिला गांजा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान अरविंद कुमार (35 वर्ष) निवासी कोटारी पश्चिम, थाना मंझनपुर, जिला कौशांबी (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके बैग से गांजा बरामद हुआ।जब्त मादक पदार्थ का वजन कराने पर यह 2.842 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने तत्काल गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना पुरानी बस्ती में धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गांजा की खरीद-बिक्री और सप्लाई नेटवर्क से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। इन सूचनाओं के आधार पर पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
नशे के कारोबार पर जारी रहेगा अभियान
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई को सफल बनाने में पुरानी बस्ती थाना प्रभारी और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








