रकम दोगुनी करने का झांसा देकर दिया वारदात को अंजाम
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां दो आरोपियों ने रकम दोगुनी करने और जल्द अमीर बनाने का झांसा देकर एक बुजुर्ग व्यापारी से 2.50 लाख रुपये की ठगी कर ली।यह घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा के रोगदा निवासी एक लहसुन-प्याज व्यापारी को आरोपियों ने पैसे बढ़ाने और जल्दी मुनाफा कमाने का लालच दिया। इसी भरोसे में लेकर उन्होंने उसे व्यापार विहार अंडा चौक पर बुलाया और बातों में फंसाकर मौका पाते ही 2 लाख 50 हजार रुपये लेकर बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने तत्काल तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज तथा सीडीआर विश्लेषण के जरिए आरोपियों की पहचान की।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्ग जिले के केलाबाड़ी निवासी हैदर अली को
गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बिलासपुर लाकर पूछताछ की जा रही है।वहीं इस ठगी की वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।








