सड़क के बीचोंबीच पड़ा था शव, पुलिस जांच में जुटी
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नया पारा स्थित गणेश नगर में मंगलवार सुबह एक युवक का खून से सना शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क के बीचोंबीच शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी 26 वर्षीय इरफान बघीरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह जब स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकले तो उन्होंने गली के बीच युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
लोगों ने दी पुलिस को सूचना
घटना को देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल सिरगिट्टी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर अपने कब्जे में लिया और जांच-पड़ताल शुरू की। शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
हत्या या हादसा, हर पहलू की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद गणेश नगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।








