व्यापारी को धन दोगुना करने का झांसा देकर की गई ठगी, पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक व्यापारी को रातों-रात अमीर बनाने का झांसा देकर 2.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को अयोध्या का पंडित (महाराज) बताकर इस वारदात को अंजाम दिया था और घटना के बाद फरार होकर दुर्ग में छिप गया था।पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार बताया जा रहा है।
व्यापार विहार में फंसा व्यापारी ठगों के जाल में
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम रोगदा निवासी 57 वर्षीय जनकराम साहू किराना व्यापारी हैं। 12 जून को वे बिलासपुर के व्यापार विहार क्षेत्र में खरीदारी के लिए पहुंचे थे।इसी दौरान उनकी मुलाकात दो अज्ञात व्यक्तियों से हुई, जिन्होंने खुद को अयोध्या का पंडित बताते हुए बातचीत शुरू की। दोनों ने व्यापारी को विश्वास में लेकर दावा किया कि वे विशेष अनुष्ठान के जरिए पैसे को दोगुना कर सकते हैं।
2.50 लाख रुपये लेकर फरार हुए आरोपी
झांसे में आकर व्यापारी ने अपने पास मौजूद 2 लाख 50 हजार रुपये से भरा बैग आरोपियों को सौंप दिया। कुछ ही देर में दोनों आरोपी मौका पाकर पैसे लेकर फरार हो गए।घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने तुरंत तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सफलता
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर तारबाहर थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।लगातार तलाश के बाद पुलिस ने एक आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उसके फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है।
ठगी गिरोह का नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी संगठित ठगी गिरोह से जुड़े हुए हैं और उन्होंने इससे पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।








