आबकारी उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई, संचालक गिरफ्तार
सरगुजा। जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुकान की आड़ में संचालित नशे के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। टीम ने अंबिकापुर क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 4 लाख रुपये मूल्य के नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं और दुकान संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
काउंटर के नीचे छिपाकर रखे थे इंजेक्शन
जानकारी के अनुसार, शमशुद्दोहा हॉस्पिटल के सामने स्थित एक दुकान में अवैध रूप से नशीले इंजेक्शन का भंडारण और बिक्री की जा रही थी। आबकारी विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दुकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान काउंटर के नीचे छिपाकर रखे गए बड़ी संख्या में इंजेक्शन बरामद किए गए।
जांच में 200 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 200 नग एविल इंजेक्शन जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल बाजार कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है। मौके से दुकान संचालक मोशीम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले भी पकड़ा जा चुका है एक आरोपी
आबकारी विभाग ने बताया कि इसी मामले में इससे पहले वाहिद अंसारी नामक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से करीब 200 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए थे। पूछताछ में उसने खुलासा किया था कि वह अंबिकापुर के इमलीपारा स्थित दुकान संचालक से इंजेक्शन खरीदकर आगे सप्लाई करता था।
डिलीवरी बॉय बनकर करता था सप्लाई
जांच में सामने आया है कि आरोपी वाहिद अंसारी डिलीवरी बॉय के रूप में घूमकर नशीले इंजेक्शनों की आपूर्ति करता था। इस तरीके से पूरा नेटवर्क लंबे समय तक लोगों और प्रशासन की नजरों से बचा रहा। पूछताछ के आधार पर आबकारी विभाग अब पूरे सप्लाई चेन और नेटवर्क की जांच में जुट गया है।
संगठित नेटवर्क के संकेत
उड़नदस्ता के सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि पिछले दो दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। लगातार हो रही बरामदगी से यह स्पष्ट हो रहा है कि क्षेत्र में नशीले इंजेक्शनों की अवैध सप्लाई का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है। विभाग द्वारा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।







