फॉर्च्यूनर कार में पेट्रोल डालकर लगाई आग, दो गंभीर घायल रायपुर रेफर
कोरिया। जिले के सोनहत थाना क्षेत्र में रेत तस्करी को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि रेत कारोबार से जुड़े लोगों ने भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना में गंभीर रूप से झुलसे शिक्षक नागेंद्र सिंह ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
नौगई रेत घाट को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव में भरत सिंह के रिश्तेदार नागेंद्र सिंह के बेटे ने नौगई रेत घाट का ठेका लिया था। रेत के अवैध खनन और तस्करी को लेकर उनका भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था।बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात करीब 12 बजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि मनोज त्रिपाठी से जुड़े लोगों ने भरत सिंह के घर को घेर लिया और वहां मौजूद फॉर्च्यूनर वाहन को निशाना बनाया।
डंपर से रोका रास्ता, फिर कार में लगा दी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने पहले डंपर लगाकर फॉर्च्यूनर का रास्ता रोक दिया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। उस समय कार में भरत सिंह, उनके भाई और शिक्षक नागेंद्र सिंह, रायपुर निवासी वीरू सिंह तथा एक अन्य व्यक्ति सवार थे।आरोप है कि हमलावरों ने वाहन में बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं दिया, जिससे सभी आग की चपेट में आ गए।
मौके पर हुई भाजपा नेता की मौत
आग की लपटों में घिरने से भरत सिंह गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं नागेंद्र सिंह, वीरू सिंह और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
इलाज के दौरान शिक्षक की भी मौत
अस्पताल में उपचार के दौरान शिक्षक नागेंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। वहीं वीरू सिंह और एक अन्य गंभीर घायल की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
क्षेत्र में तनाव, पुलिस जांच में जुटी
दो लोगों की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।







