अभनपुर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नगदी और हथियार बरामद
Raipur। अभनपुर थाना क्षेत्र में बैंक मित्रों और च्वाइस सेंटर कर्मचारियों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की नगदी, दो दोपहिया वाहन, चार मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद किए गए हैं।
बैंक मित्र से 2 लाख रुपये की लूट
पुलिस के अनुसार पहली वारदात ग्राम सारखी क्षेत्र में हुई थी, जहां बैंक ऑफ बड़ौदा के बैंक मित्र पोषण लाल साहू से करीब 2 लाख रुपये लूट लिए गए। पीड़ित बैंक से राशि लेकर घर लौट रहा था, तभी आरोपियों ने पुलिया के पास उसे रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने पहले उसके चेहरे पर मिर्ची पाउडर फेंका और फिर चाकू दिखाकर बैग और मोबाइल लूट लिया।
च्वाइस सेंटर संचालक से 1.50 लाख की लूट
दूसरी घटना हसदा क्षेत्र में हुई, जहां च्वाइस सेंटर संचालक उमेन्द्र कुमार देवांगन से 1.50 लाख रुपये लूट लिए गए। आरोपी बाइक से पहुंचे और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए बैग छीनकर फरार हो गए।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला मामला
दोनों मामलों में थाना अभनपुर में अपराध दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
कर्ज में डूबा था मुख्य आरोपी
पूछताछ में मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम ने स्वीकार किया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था, जिसके चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस इस गिरोह की अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
चार आरोपी गिरफ्तार, आगे की जांच जारी
गिरफ्तार आरोपियों में परमानंद साहू, टेकराम उर्फ टीकू धीवर, पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम और योगी राज सोनवानी शामिल हैं। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
अन्य वारदातों की भी जांच में जुटी पुलिस
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इससे पहले किन-किन स्थानों पर ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे गिरोह के नेटवर्क का खुलासा जल्द किया जाएगा।








