न्यू जनता अस्पताल में विवाद बढ़ा, कर्मचारियों और गार्ड से मारपीट का आरोप
बिलासपुर। तिफरा स्थित न्यू जनता अस्पताल में मामूली 200 रुपये के बिल भुगतान को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि इलाज कराने पहुंचे युवकों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा कर दिया। आरोप है कि उन्होंने चाकू लहराते हुए कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को धमकाया तथा अस्पताल में तोड़फोड़ भी की।
रात 12:20 बजे इलाज के बाद हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, बोरी फैक्ट्री के पास तिफरा निवासी नारायण मिश्रा अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 15 जून की रात वह ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान रात करीब 12:20 बजे दो युवक इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे।इलाज पूरा होने के बाद दोनों युवकों का बिल भुगतान को लेकर अस्पताल कर्मचारियों वाशु और प्रियंका से विवाद शुरू हो गया।
चाकू लहराकर दी धमकी, परिसर में मचाया हंगामा
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने आक्रोशित होकर चाकू लहराया और अस्पताल स्टाफ व सुरक्षा गार्ड को धमकाने लगे। इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व स्टाफ में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
अस्पतालों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर अस्पताल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








