पम्पापुर के झारपारा मोहल्ले में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक
सूरजपुर। जिले के पम्पापुर ग्राम पंचायत के झारपारा मोहल्ले में मंगलवार देर रात एक घर में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर सो रहे परिवार के चार सदस्यों को जान बचाने के लिए बाहर भागना पड़ा। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था। आग की तेज लपटों और धुएं को देखकर आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस और प्रशासनिक टीम द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया था।फिलहाल इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।








