घरेलू विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर शराबी युवक ने किया हमला, आरोपी हिरासत में
Bilaspur। शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां ड्यूटी पर तैनात डायल-112 के एक आरक्षक पर डंडे से हमला कर दिया गया। हमले में आरक्षक के सिर और आंख में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची थी डायल-112 टीम
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदुदंड इलाके में सागर छात्रवानी अपने पिता मुन्ना छात्रवानी के साथ घरेलू विवाद के दौरान गाली-गलौज और मारपीट कर रहा था। मामले की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।टीम ने मौके पर पहुंचकर पिता को सुरक्षित करने और दोनों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने की कोशिश की।
शराब के नशे में आरोपी ने पुलिस पर किया हमला
इसी दौरान शराब के नशे में धुत सागर छात्रवानी और पुलिसकर्मियों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस धीरे-धीरे बढ़ती गई और आरोपी ने अचानक अपने पास रखे डंडे से आरक्षक मोरज सिंह (बैच नंबर 788) पर हमला कर दिया।हमले में आरक्षक के सिर और आंख में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।CIMS Bilaspur में घायल आरक्षक का इलाज जारी है।
घटना से पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर डायल-112 जैसे आपातकालीन सेवा कर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, जो अक्सर तनावपूर्ण और जोखिम भरी परिस्थितियों में ड्यूटी निभाते हैं।








