नशामुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को मजबूती, अंतर्राज्यीय तस्करी रैकेट का भंडाफोड़
रायपुर। मुख्यमंत्री के नशामुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सूखे नशे के सौदागरों पर एक और निर्णायक प्रहार किया है। थाना टिकरापारा पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ कर एक पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग बालिका को 15.431 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ रंगे हाथ पकड़ा है।
मुखबिर की सूचना पर तत्काल घेराबंदी
पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप कुमार पटेल के सख्त निर्देशों और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई को मुखबिर से अहम सूचना मिली। सूचना के अनुसार बस स्टैंड भाठागांव स्थित नीलकंठेश्वर मंदिर के सामने कुछ संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा बेचने की फिराक में थे।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए सहायक उप निरीक्षक शिवशंकर तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और मौके पर घेराबंदी कर दी गई। टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर एक पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग बालिका को मौके से धर दबोचा।
गहन तलाशी में बरामदगी
गिरफ्तार आरोपियों की गहन तलाशी ली गई। उनके संयुक्त कब्जे से लाल रंग के पिट्ठू बैग में खाकी टेप से व्यवस्थित ढंग से पैक किया हुआ 15.431 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
Also Read: हाइपरटेंशन माह का समापन: बस्तर के नारायणपुर से उठी साइलेंट किलर के खिलाफ बड़ी आवाज
चौंकाने वाला खुलासा – नाबालिग को इस्तेमाल करने की साजिश
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार दंपति ने सनसनीखेज कबूलनामा किया कि उनके साथ मौजूद नाबालिग बालिका उनकी कोई रिश्तेदार नहीं है। उसे महज कानून की आंखों में धूल झोंकने और पुलिस चेकिंग के दौरान सहानुभूति बटोरने के लिए ‘परिवार’ का सदस्य बनाकर लाया गया था। मासूम बच्चों का नशे के कारोबार में दुरुपयोग की यह घिनौनी साजिश रायपुर पुलिस की सतर्क निगाहों से बच नहीं सकी।
गिरफ्तार आरोपी
- हंस राज (उम्र 38 वर्ष), पिता निहाल सिंह
स्थायी पता: ग्राम कंवरका, पोस्ट पिन्गोरे, थाना हसनपुर, जिला पलवल, हरियाणा
वर्तमान पता: छोटी लाइन, पंसारी मोहल्ला, गोपतेश्वर मंदिर के पास, जबलपुर (म.प्र.) - सोनिया गुज्जर उर्फ सोनू (उम्र 27 वर्ष), पत्नी हंस राज
स्थायी पता: ग्राम कंवरका, पोस्ट पिन्गोरे, थाना हसनपुर, जिला पलवल, हरियाणा
वर्तमान पता: छोटी लाइन, पंसारी मोहल्ला, गोपतेश्वर मंदिर के पास, जबलपुर (म.प्र.)
नाबालिग बालिका की पहचान गोपनीय रखी गई है।
कानूनी कार्रवाई
तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 542/2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 20(बी) स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम 1985 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
दंपति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। नाबालिग बालिका को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है और वह किशोर न्याय अधिनियम के तहत संरक्षण में है।रायपुर पुलिस की इस सफल कार्रवाई ने नशे के व्यापारियों के लिए सख्त चेतावनी जारी कर दी है। पुलिस कमिश्नरेट ने आगे भी ऐसे रैकेटों पर लगातार नकेल कसने का संकल्प दोहराया है।








