प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही युवती ने गांधीनगर थाने में दर्ज कराई शिकायत
सरगुजा जिले में एक आदिवासी युवती ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में गर्भपात कराने का आरोप लगाते हुए गांधीनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी एजाज अहमद और उसकी बहन फरहा सबा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौकरी की तलाश के दौरान हुई पहचान
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2021 में नौकरी की तलाश में अंबिकापुर आई थी। जुलाई 2022 में उसकी पहचान खैरबार निवासी एजाज अहमद से हुई। आरोप है कि एजाज ने शादी का वादा कर उसे अपने साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के लिए राजी किया।युवती के अनुसार, 30 जुलाई 2022 को दोनों के बीच पहली बार शारीरिक संबंध बने। इसके बाद दोनों कई महीनों तक साथ रहे और इस दौरान आरोपी ने कई बार शादी का आश्वासन देकर उसके साथ संबंध बनाए।
शादी की बात टालता रहा आरोपी
शिकायत में कहा गया है कि जब भी युवती शादी की बात करती, आरोपी आर्थिक स्थिति कमजोर होने और परिवार की सहमति नहीं मिलने का हवाला देकर बात टाल देता था। पीड़िता का आरोप है कि 30 जुलाई 2022 से 16 मई 2026 तक आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ लगातार संबंध बनाए।
गर्भवती होने पर गर्भपात कराने का आरोप
युवती का आरोप है कि गर्भवती होने के बाद उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। शिकायत के अनुसार, 20 अगस्त 2025 को एजाज अहमद अपनी बहन फरहा सबा के साथ उसके कमरे पर पहुंचा और दोनों ने मिलकर उसे गर्भपात की दवा खिलाने का प्रयास किया।पीड़िता का कहना है कि उसने दवा लेने से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में भावनात्मक दबाव बनाकर उसे गर्भपात के लिए तैयार किया गया। इसके बाद 21 अगस्त 2025 को उसे जिला अस्पताल सूरजपुर ले जाकर गर्भपात कराया गया।
दूसरी शादी की तैयारी की जानकारी मिलने पर हुआ विवाद
युवती ने आरोप लगाया कि बाद में उसे पता चला कि एजाज किसी दूसरी युवती से शादी की तैयारी कर रहा है। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अलग धर्म का हवाला देते हुए शादी करने से साफ इनकार कर दिया।शिकायत में यह भी कहा गया है कि इसके बाद भी आरोपी शादी का झूठा आश्वासन देता रहा और कई बार नशे की हालत में उसके कमरे पर पहुंचकर जबरदस्ती करता था।
मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पहुंची थाने
लगातार मानसिक प्रताड़ना और धोखे से परेशान होकर युवती ने 18 जून 2026 को गांधीनगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस
गांधीनगर थाना पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है। पुलिस साक्ष्य संकलन कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।








