एक गंभीर घायल, आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक में लगाई आग
जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर गांव में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल पर खड़े ट्रक में आग लगा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।
एक ही बाइक पर सवार थे चार युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार युवक एक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मृतकों की पहचान और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
पहले कार को मारी थी टक्कर, चालक फरार
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे से कुछ समय पहले ट्रक चालक ने एक कार को भी टक्कर मारी थी। इसके बाद चालक ट्रक को सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि सड़क पर लापरवाहीपूर्वक खड़े ट्रक के कारण यह दर्दनाक दुर्घटना हुई।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, ट्रक में लगाई आग
तीन युवकों की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक आग की लपटों में घिर गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।








