भाठागांव–खुड़मुड़ा रोड पर एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, वाहन से गांजा और दस्तावेज मिले
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF), एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुरानी बस्ती की संयुक्त टीम ने नाकेबंदी के दौरान गांजा तस्करी का खुलासा किया है।यह कार्रवाई थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र के भाठागांव–खुड़मुड़ा रोड पर की गई, जहां पुलिस ने सूचना के आधार पर घेराबंदी कर जांच शुरू की थी।
सफेद स्विफ्ट कार से हो रही थी तस्करी
सूचना मिली थी कि अभनपुर की ओर से एक सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार (क्रमांक CG 04 HE 5555) में अवैध रूप से गांजा परिवहन किया जा रहा है। जैसे ही पुलिस ने वाहन को रोका, चालक ने तेज रफ्तार में कार आगे बढ़ा दी और भागने की कोशिश की।पुलिस बल को देखकर कार में सवार दो व्यक्ति वाहन को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस टीम ने उनका पीछा भी किया, लेकिन दोनों आरोपी मौके से भागने में सफल रहे।
कार से गांजा, मोबाइल और दस्तावेज बरामद
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को डिक्की में रखी दो प्लास्टिक बोरियों में अलग-अलग पैकेटों में गांजा मिला। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, बीमा संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड और अन्य कागजात भी बरामद किए गए। साथ ही एक प्लास्टिक जरीकेन में डीजल भी पाया गया।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने वाहन और सभी सामान जब्त कर लिया है। फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।








