विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने रायपुर रेलवे स्टेशन से दिखाई हरी झंडी
महासमुंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के लिए महासमुंद जिले से 20 विशिष्ट जनों का दल रवाना हुआ।यह दल रायपुर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन के माध्यम से गुजरात के सोमनाथ के लिए रवाना किया गया।
विधायक ने किया सम्मान, यात्रियों को दी शुभकामनाएं
सुबह 7 बजे महासमुंद जिले के कलाकारों, साहित्यकारों और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित विशिष्ट जनों को विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने रवाना किया। इस दौरान सभी यात्रियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया और सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
मुख्यमंत्री और संस्कृति मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
यात्रा का औपचारिक शुभारंभ 22 जून को सुबह 11 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और दर्शन यात्रा का आयोजन
यात्रा के दौरान सोमनाथ में कलश यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंदिर दर्शन और विशिष्ट जनों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस यात्रा में राज्यभर से लगभग 1000 लोग शामिल हो रहे हैं।यात्रा की वापसी 26 जून को निर्धारित है।
प्रशासन और आयोजकों की मौजूदगी
इस अवसर पर नोडल अधिकारी रेखराज शर्मा ने जानकारी दी कि जिले से 20 विशिष्ट जनों को इस विशेष यात्रा में शामिल किया गया है। वहीं कलेक्टर परिसर में स्काउट-गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
संस्कृति और आस्था से जुड़ने का अवसर
यात्रियों ने कहा कि यह यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और गौरव से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन से उन्हें आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त होगा और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।








