बार बंद करने की बात पर भड़का ग्राहक
महासमुंद जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सपना बार में बार बंद करने की बात पर नशे में धुत एक युवक ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान वेटर के साथ मारपीट और गाली-गलौज की घटना सामने आई है। वेटर को धमकाया, गला दबाने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, ग्राम भलेसर निवासी 21 वर्षीय विवेक कुमार कुर्रे बार में वेटर के रूप में कार्यरत है। 20 जून की रात करीब 12:10 बजे बार बंद होने की सूचना देने पर आरोपी युवक हर्ष चंद्राकर अचानक भड़क गया। आरोप है कि उसने वेटर के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और मारपीट की। इतना ही नहीं, उसने वेटर का गला दबाने की कोशिश भी की।
नशे की हालत में दी धमकी
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने नशे की हालत में धमकी देते हुए कहा कि “तू मुझे नहीं जानता है” और लगातार अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करता रहा। घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच जारी, मामले में सख्ती
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि पूरी घटना नशे की हालत में हुए विवाद का परिणाम है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।








