आमाटोला जंगल में छिपाया गया नक्सली सामान जब्त
कांकेर। कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। सर्च अभियान के दौरान छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के आमाटोला जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया विस्फोटक डंप बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई कांकेर पुलिस, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। अधिकारियों के निर्देश पर सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार को आमाटोला के पास जंगल में सर्चिंग के दौरान जवानों को संदिग्ध सामग्री दिखाई दी। जांच करने पर वहां नक्सलियों द्वारा छिपाया गया विस्फोटक डंप मिला, जिसमें कई प्रकार के नक्सल सामान शामिल थे।
बरामद सामग्री में नक्सल साहित्य, विस्फोटक सामग्री और अन्य आपत्तिजनक सामान शामिल हैं, जिसे सुरक्षा बलों ने सावधानीपूर्वक कब्जे में लेकर सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला।
अभियान पूरा होने के बाद सभी जवान सुरक्षित कैंप लौट आए। सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसे संयुक्त सर्च अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।







