पहले हादसा लगा, फिर सामने आई हत्या की साजिश
महाराष्ट्र के पुणे जिले के चर्चित लोहगढ़ किले ट्रेकिंग मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जिस घटना को पहले ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा माना जा रहा था, वह अब सुनियोजित हत्या की साजिश के रूप में सामने आई है। पुलिस ने मृतक केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।
रोमांटिक पोस्ट और सोशल मीडिया ने बढ़ाए शक
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सिया ने सगाई के बाद केतन के साथ सोशल मीडिया पर कई रोमांटिक तस्वीरें और वीडियो साझा किए थे। केतन की मौत के बाद भी उसने भावुक पोस्ट कर शोक जताया, लेकिन बाद में यही पोस्ट और उसका व्यवहार पुलिस के संदेह का कारण बने। जांच एजेंसियों ने सोशल मीडिया गतिविधियों को भी अहम सबूत के रूप में शामिल किया।
लोहगढ़ ट्रिप पर साथ पहुंचा प्रेमी
पुलिस के मुताबिक, सिया ने केतन को घूमने के बहाने लोहगढ़ किले बुलाया था। उसी दौरान उसका कथित प्रेमी चेतन भी अलग रास्ते से वहां पहुंच गया। तीनों की मौजूदगी को सीसीटीवी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से जोड़ा गया, जिससे पूरी साजिश का खुलासा होने लगा।
33 डिग्री गर्मी में हुडी बनी सबसे बड़ा सुराग
मामले का सबसे अहम सुराग सीसीटीवी फुटेज से मिला। फुटेज में एक युवक 33 डिग्री तापमान के बावजूद हुडी पहनकर केतन और सिया के पीछे चलता दिखाई दिया। उसका चेहरा ढका हुआ था। पुलिस को यह असामान्य लगा। बाद में सोशल मीडिया फोटो, तकनीकी जांच और कॉल रिकॉर्ड के जरिए उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई। यही सुराग पूरे केस का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
हजारों कॉल और डिजिटल सबूत
जांच में सामने आया कि पिछले सात महीनों में सिया और चेतन के बीच करीब 2,000 से अधिक फोन कॉल हुए थे और दोनों ने सैकड़ों घंटे बातचीत की थी। पुलिस का दावा है कि डिजिटल रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा और सीसीटीवी फुटेज ने दोनों के बीच गहरे संबंध और कथित साजिश की पुष्टि की।
पहले भी हुए थे हत्या के प्रयास
पुलिस का आरोप है कि यह पहली कोशिश नहीं थी। इससे पहले भी केतन को लोहगढ़ किले ले जाकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह बच गया था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने कई असफल प्रयासों के बाद आखिरकार घटना वाले दिन अपनी योजना को अंजाम दिया।
पुलिस रिमांड में दोनों आरोपी
सिया गोयल और चेतन चौधरी को हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं तथा हत्या की पूरी योजना कैसे बनाई गई थी।










