धमतरी। Dhamtari में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना अर्जुनी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध देशी शराब के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
100 पौवा शराब और स्कूटी जब्त, कुल 33 हजार का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 100 पौवा देशी शराब और परिवहन में प्रयुक्त एक स्कूटी जब्त की है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 33 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में चल रहे अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान के तहत की गई।
ग्राम पुरी मोड़ के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
मामले के अनुसार, थाना अर्जुनी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम पुरी की ओर अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल क्षेत्र में घेराबंदी की और ग्राम पुरी मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्ति को रोक लिया।
जांच के दौरान आरोपी अपनी जूपिटर स्कूटी में दो थैलों के अंदर शराब छिपाकर ले जाता हुआ पाया गया। तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके पास से कुल 100 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की, जिसकी मात्रा लगभग 18 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 8,000 रुपये बताई गई है।
पुलिस की सख्ती जारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








