महिला संबंधी अपराधों पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
Raigarh पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ‘संवेदना’ अभियान के तहत दुष्कर्म के एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी को सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र से पकड़ा गया।
नौकरी के दौरान हुई मुलाकात से शुरू हुआ मामला
जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय पीड़िता ने महिला थाना रायगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2024 में वह एक निजी वित्तीय कंपनी से ऋण लेने गई थी, जहां उसकी मुलाकात कंपनी में फाइनेंसर के रूप में कार्यरत हितेश कुमार केंवट से हुई। इसी दौरान आरोपी का उसके घर आना-जाना शुरू हुआ और उसने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।
शादी से इनकार के बाद सामने आया मामला
पीड़िता के अनुसार, अप्रैल 2026 में उसे जानकारी मिली कि आरोपी का विवाह किसी अन्य युवती से तय हो गया है। इस पर वह आरोपी के घर पहुंची और उसके परिजनों से बातचीत की, लेकिन आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज, पुलिस ने की कार्रवाई
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत धारा 69 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।










