उदयपुर थाना क्षेत्र की घटना से गांव में शोक
Surguja। सरगुजा जिले के अंबिकापुर अंतर्गत उदयपुर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता द्वारा पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
मृतका की पहचान सीमा यादव के रूप में
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान सीमा यादव के रूप में हुई है। उसकी शादी लगभग चार वर्ष पूर्व देवगढ़ निवासी सतीश यादव से हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की।
मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही सीमा को पति, देवर, सास और ससुर द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे आत्महत्या से पहले मारपीट की आशंका जताई जा रही है।
कई बार दी थी प्रताड़ना की जानकारी
परिजनों के अनुसार सीमा कई बार अपने साथ हो रही प्रताड़ना की जानकारी देती थी, लेकिन सामाजिक दबाव और बदनामी के डर से उसे समझाकर शांत कर दिया जाता था। परिजन अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










