कुकानार थाना क्षेत्र में खेत से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा, चार घायल
सुकमा। सुकमा जिले में रविवार दोपहर मौसम के अचानक बदले मिजाज ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। कुकानार थाना क्षेत्र में खेतों में काम करने के बाद बारिश से बचने के लिए इमली पेड़ के नीचे बैठे पांच युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक घटना में एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक देवनाथ पारा के निवासी थे और दोपहर करीब 3 बजे खेतों में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए उमेश बघेल, मंगला बघेल, आशाराम बघेल, अजय नाग और आयता बघेल पास के एक इमली पेड़ के नीचे जा बैठे।
इसी बीच तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ के पास गिरी, जिसकी चपेट में सभी युवक आ गए। बिजली गिरते ही पांचों युवक गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को छिंदगढ़ अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन 18 वर्षीय अजय नाग की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
वहीं, बाकी चार घायलों का इलाज छिंदगढ़ अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।











