महाराष्ट्र के तीन तस्कर गिरफ्तार, दो नाबालिग भी पकड़े गए
महासमुंद। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना पुलिस ने छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 में कार्रवाई करते हुए 9 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में महाराष्ट्र के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
संबलपुर से चंद्रपुर ले जाया जा रहा था गांजा
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा के संबलपुर क्षेत्र से गांजा खरीदकर महाराष्ट्र के चंद्रपुर ले जा रहे थे। तस्करी के लिए सफेद रंग की होंडा अमेज कार का उपयोग किया जा रहा था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर तस्करी की इस खेप को पकड़ लिया।
मुखबिर की सूचना पर हाईवे में नाकाबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक होंडा अमेज कार में गांजा लेकर कुछ लोग छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र की ओर जा रहे हैं। सूचना के बाद एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर सिंघोड़ा थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित रेहटीखोल क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की जांच शुरू की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने बताए गए नंबर की कार को रोककर तलाशी ली। जांच में वाहन की डिक्की से 9 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद कार सवार सभी लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
8.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल करीब 8.60 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। जब्त सामग्री में 9 किलोग्राम गांजा, लगभग 2.50 लाख रुपये कीमत की होंडा अमेज कार तथा करीब 1.60 लाख रुपये मूल्य के दो मोबाइल फोन शामिल हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही मामले में और खुलासे हो सकते हैं।
नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई
महासमुंद पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।










