आम के पेड़ के नीचे खड़े थे बच्चे, अचानक गिरी बिजली
सरगुजा। जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमकी गांव में सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम बच्चों और एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ बच्चे आम बीनने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान पास में बैल चरा रहा एक युवक भी वहां पहुंच गया। तभी अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ पेड़ पर बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में चारों आ गए।
मौके पर तीन लोगों की मौत
हादसे में 5 वर्षीय सागर, 9 वर्षीय रानी और 36 वर्षीय राम साय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, सागर की 12 वर्षीय बड़ी बहन श्रद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मौसम में बदलाव के साथ बढ़ा खतरा
सोमवार शाम प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली। रायगढ़ समेत विभिन्न जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेशभर में अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
अगले चार दिनों तक बारिश और बिजली गिरने की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मानसून पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लेगा। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और ऊंचे स्थानों पर खड़े होने से बचने की अपील की है। किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, ताकि आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं से बचा जा सके।










