मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से रुका हुआ मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 30 जून तक पूरे प्रदेश में मानसून पहुंच चुका है और अब अगले एक सप्ताह तक राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है।
कई जिलों में तेज बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के आसपास के जिलों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। सैटेलाइट इमेज के अनुसार मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर घने बादलों का बड़ा समूह बना हुआ है, जिसका सीधा असर इन इलाकों में देखने को मिलेगा।
गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट
विभाग ने चेतावनी दी है कि कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। लोगों को खुले स्थानों में सावधानी बरतने और मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
बारिश की कमी होगी पूरी होने की उम्मीद
आंकड़ों के मुताबिक, 30 जून तक राज्य में सामान्य रूप से 188 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 66.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य से करीब 65 प्रतिशत कम है। हालांकि अब मानसून सक्रिय होने से इस कमी की भरपाई होने की उम्मीद जताई जा रही है।
अगले एक सप्ताह मौसम रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम से नमी वाले बादल लगातार राज्य की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों में बारिश या गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।










