GPF की रकम निकालने के नाम पर मांगी गई रिश्वत
छत्तीसगढ़| दुर्ग जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग के एक बाबू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि कर्मचारी ने एक शासकीय कर्मचारी की GPF से 5 लाख रुपये की राशि जारी कराने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते ही दबोच लिया।
शिकायत के बाद ACB ने रचा पूरा ट्रैप
पीड़ित ने रिश्वत की मांग से परेशान होकर ACB से शिकायत की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। जैसे ही आरोपी बाबू ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, पहले से मौजूद ACB अधिकारियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
कार्यालय में मचा हड़कंप, दस्तावेज भी खंगाले गए
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम ने आरोपी से पूछताछ की और उसके कार्यालय में जरूरी दस्तावेजों की जांच भी की। कार्रवाई के दौरान विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने रिश्वत से जुड़े साक्ष्य भी जब्त किए।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई
ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी पहले भी इस तरह की अवैध वसूली में शामिल रहा है या नहीं।










