रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अब तक 5 गिरफ्तार, 16.15 लाख का मादक पदार्थ जब्त
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बैकवर्ड लिंक जांच के आधार पर एक बड़े अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां, गांजा, इंजेक्शन और सिरिंज बरामद किए गए हैं। अब तक इस मामले में कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और लगभग 16.15 लाख रुपये मूल्य का मादक पदार्थ व अन्य सामग्री जब्त की गई है।
यह संयुक्त कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना गंज पुलिस की टीम द्वारा की गई।
होटल के पास पहली गिरफ्तारी से खुला नेटवर्क
पुलिस ने 30 जून 2026 को थाना गंज क्षेत्र स्थित राजपूताना होटल के सामने कार्रवाई करते हुए आरोपी अभिषेक कुमार को 10.710 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। उसके पास से लगभग 5.35 लाख रुपये मूल्य का गांजा और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
ओडिशा से मेरठ तक फैला था नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी यह गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश के मेरठ तक सप्लाई करने जा रहा था। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने बैकवर्ड लिंक जांच शुरू की और धीरे-धीरे पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई।
आगे और खुलासों की संभावना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस नेटवर्क में और भी लोगों की संलिप्तता हो सकती है। मामले की जांच लगातार जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।











