यातायात पुलिस ने 9 प्रमुख स्थानों पर चलाया विशेष जांच अभियान, मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई
रायपुर। कमिश्नरेट रायपुर यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा ड्रंक एंड ड्राइव अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 01 जुलाई 2026 की रात विशेष जांच अभियान के दौरान 39 वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया।
पकड़े गए सभी चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
9 प्रमुख मार्गों पर चला सघन जांच अभियान
यातायात पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त सतीष कुमार ठाकुर के नेतृत्व में शहर के 09 प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर की गई। अभियान के दौरान आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर मशीनों का उपयोग कर वाहन चालकों की जांच की गई।
कार, ट्रक और दोपहिया चालक भी शामिल
जांच में कुल 39 वाहन चालक शराब के नशे में पाए गए, जिनमें 27 कार चालक, 03 पिकअप चालक, 07 ट्रक/मेटाडोर चालक और 02 दोपहिया वाहन चालक शामिल हैं।
पुलिस का सख्त संदेश
यातायात पुलिस ने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।











