नकाबपोश बदमाश ने घर में घुसकर महिला का सोने का नेकलेस छीना, CCTV फुटेज से पुलिस को मिली सफलता
दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाश ने मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में प्रवेश किया और धारदार हथियार दिखाकर बुजुर्ग दंपती को धमकाते हुए महिला के गले से सोने का नेकलेस लूट लिया। वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें नकाबपोश आरोपी साफ दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विभान्शु महोबिया (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के मंडला जिले का रहने वाला है।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामला नेवई थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, प्रगति नगर स्थित शुभकामना हाइट्स के फ्लैट नंबर-109 में रहने वाले वी. कुमार (59 वर्ष) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को वह ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान घर में काम करने वाली गिरजा यादव ने फोन कर सूचना दी कि उनके सास-ससुर के घर में एक अज्ञात युवक घुस आया है।
सूचना मिलने के बाद परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू की, जिसमें आरोपी की गतिविधियां कैद मिलीं।
बाइक, हथियार और कपड़े बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विभान्शु महोबिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, धारदार हथियार और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वर्तमान में भिलाई नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल सेक्टर में किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य पहलुओं की जांच जारी है।












