रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी की रकम बरामद कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष किया गया पेश
रायगढ़। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने आशीर्वाद मेडिकल स्टोर में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से चोरी की रकम बरामद कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के बाद दोनों अपचारी बालकों को विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी कर किशोर न्याय बोर्ड, रायगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, आशीर्वाद मेडिकल स्टोर में चोरी की घटना के संबंध में प्रार्थी रतन मित्रा (67 वर्ष), निवासी बोईरदादर रायगढ़ ने थाना चक्रधरनगर में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 332/2026 के तहत धारा 331(4), 305(क), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के सुपरविजन में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने जांच तेज की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया।
चोरी की रकम बरामद
पूछताछ में आरोपियों ने मेडिकल स्टोर में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई रकम बरामद कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।












