आर्थिक लेन-देन और घोटालों से जुड़े पहलुओं पर जांच एजेंसी ने किए सवाल-जवाब
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कथित शराब घोटाला और कोल लेवी मामले की जांच कर रही आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में EOW की टीम ने कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के करीबी व्यक्ति से पूछताछ की है।
EOW कार्यालय में दिनभर चली पूछताछ
जानकारी के अनुसार, पूछताछ के लिए बुलाया गया व्यक्ति रामगोपाल अग्रवाल का रक्त संबंधी भी बताया जा रहा है। EOW कार्यालय में सुबह से ही उससे पूछताछ की गई। जांच एजेंसी ने घोटालों से जुड़े विभिन्न पहलुओं, आर्थिक लेन-देन, संपर्कों और अन्य जानकारियों को लेकर उससे सवाल किए।
हालांकि दिनभर चली पूछताछ के बाद उसकी गिरफ्तारी की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
कई बड़े मामलों में जांच के दायरे में हैं रामगोपाल अग्रवाल
रामगोपाल अग्रवाल पर छत्तीसगढ़ के कई चर्चित मामलों में आरोप लगे हैं। इनमें कथित शराब घोटाला, कोल लेवी वसूली मामला और कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाला प्रमुख हैं।
जांच एजेंसियां इन मामलों में कथित आर्थिक लेन-देन, लाभार्थियों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही हैं।
जुड़े लोगों से भी हो रही पूछताछ
EOW अधिकारियों द्वारा मामले से जुड़े लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी का फोकस घोटालों में शामिल संभावित लोगों, वित्तीय लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण कड़ियों को जोड़ने पर है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।












