अज्ञात कारणों से लगी आग ने डब्बारास गांव में मचाई तबाही, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से राहत की लगाई गुहार
सुकमा। जिले के जिरमपाल पंचायत अंतर्गत डब्बारास गांव में सोमवार शाम हुए भीषण अग्निकांड ने एक परिवार को मुश्किलों में डाल दिया। शाम करीब 6 बजे अज्ञात कारणों से एक मकान में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के सामने उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं। कुछ ही देर में घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। हादसे में नकद राशि, जरूरी दस्तावेज, कपड़े, अनाज और घरेलू उपयोग की सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई।
रहने और जीवनयापन का संकट, ग्रामीणों ने मांगी मदद
अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवार के पास रोजमर्रा की जरूरतों का सामान भी नहीं बचा है। अचानक आई इस आपदा से परिवार के सामने रहने और जीवन चलाने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने खाद्यान्न, तिरपाल, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री मुहैया कराने की अपील की है, ताकि परिवार को शुरुआती राहत मिल सके।
नुकसान का आकलन कर सहायता की उम्मीद
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा घटना की जांच कर नुकसान का आकलन किए जाने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
एक ही हादसे ने परिवार की वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी को पलभर में खत्म कर दिया, जिससे पीड़ित परिवार गहरे संकट में आ गया है।












