स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए गुणवत्ता और समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश
रायपुर। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने मंगलवार को रायगढ़ जिले में प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विजयपुर में प्रस्तावित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, केलो नदी के खर्रा घाट पर विकसित किए जा रहे मरीन ड्राइव तथा पुराने जेल परिसर में प्रस्तावित व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स की योजनाओं की समीक्षा की गई।
16 करोड़ रुपये से बनेगा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर
विजयपुर में लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने भवन की ड्राइंग और डिजाइन में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप अधिक उपयोगी बनाया जाए और संशोधित प्रस्ताव जल्द अंतिम स्वीकृति के लिए भेजा जाए, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके।
बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी उपलब्ध
वित्त मंत्री ने कहा कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निर्माण से रायगढ़ जिले में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा स्वास्थ्य क्षेत्र का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा।
पर्यटन और शहरी विकास को भी मिलेगा बढ़ावा
निरीक्षण के दौरान केलो नदी के खर्रा घाट पर विकसित किए जा रहे मरीन ड्राइव और पुराने जेल परिसर में प्रस्तावित व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में पर्यटन, व्यापार और शहरी विकास को नई गति मिल सके।











