घरेलू हिंसा से परेशान महिला ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत, जांच शुरू
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि जुआ खेलने के लिए पैसे नहीं देने पर पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शराब और मारपीट का लगाया आरोप
पुलिस के अनुसार, तालापारा मिनीमाता नगर निवासी किरण दिवाकर (20) ने अपने पति परसन दिवाकर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसका पति शराब पीने का आदी है और आए दिन विवाद कर उसके साथ मारपीट करता है।
मजदूरी कर बच्चों का पालन-पोषण कर रही महिला
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह रोजी-मजदूरी कर अपने दो बेटों और एक बेटी का पालन-पोषण करती है। परिवार की जिम्मेदारी उठाने के बावजूद पति लगातार प्रताड़ित करता है और जुए के लिए पैसे मांगता है। पैसे देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
पहले भी दर्ज करा चुकी है शिकायत
महिला ने बताया कि पति की प्रताड़ना से परेशान होकर करीब दो माह पहले भी उसने घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई थी। वह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद आरोपी के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










