महानदी भवन में शाम 4 बजे होगी मंत्रिपरिषद की बैठक, मानसून सत्र से पहले सरकार की रणनीति पर नजर
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार शाम 4 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित होगी। बैठक में प्रदेश से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार नकटी गांव से जुड़े मुद्दे पर भी बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
मानसून सत्र से पहले सरकार की तैयारी
छत्तीसगढ़ विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। इससे पहले हो रही कैबिनेट बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार विधानसभा सत्र में उठने वाले प्रमुख मुद्दों और अपनी रणनीति पर भी चर्चा करेगी।
विधानसभा में अब तक लगे 1,033 सवाल
मानसून सत्र को लेकर विधायकों ने अब तक 1,033 प्रश्न लगाए हैं। प्रश्नकाल, शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के दौरान कई अहम मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।
कांग्रेस ने सरकार को घेरने की बनाई रणनीति
कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, नकटी भूमि विवाद, बिजली-पानी संकट, सड़क निर्माण और मानसून के दौरान व्यवस्थाओं को प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी की है। विपक्ष का आरोप है कि प्रदेश में हत्या, चाकूबाजी, महिलाओं के खिलाफ अपराध, नशे का बढ़ता कारोबार और कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर चिंता का विषय है। इन मुद्दों पर सरकार से जवाब और ठोस कार्रवाई की मांग किए जाने के संकेत हैं।
कैबिनेट के फैसलों पर रहेगी सबकी नजर
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधानसभा सत्र से पहले होने वाली यह कैबिनेट बैठक सरकार की प्राथमिकताओं और आगामी रणनीति की दिशा तय कर सकती है। विशेष रूप से नकटी गांव से जुड़े संभावित फैसलों पर प्रदेशभर की निगाहें टिकी हुई हैं।













