बिलासपुर में दर्दनाक हादसा, बचाने की कोशिश के बावजूद नहीं बच सकी जान; पुलिस ने शुरू की जांच
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां कुएं की दीवार पर बैठकर बीड़ी पी रहे एक युवक की गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण युवक करीब 20 फीट गहरे कुएं में जा गिरा और पानी में डूबने से उसकी जान चली गई।

मृतक की पहचान टुडेश्वर यादव के रूप में हुई है। वह किसानी का काम करता था। यह घटना कोटा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

बचाने पहुंचे ग्रामीण, लेकिन नहीं बच सकी जान
जानकारी के अनुसार, युवक कुएं की मुंडेर पर बैठा हुआ था और बीड़ी पी रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे कुएं में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहरे पानी में डूबने के कारण उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह संतुलन बिगड़ना बताई जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।









