नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने से नाराज समर्थकों ने NH-44 किया जाम, सुबह पुलिस पर हुआ पथराव
दतिया (मध्य प्रदेश)। दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी की ओर से प्रत्याशी की घोषणा के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने से नाराज उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने नेशनल हाईवे-44 (NH-44) को जाम कर दिया, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। विरोध प्रदर्शन ने बाद में उग्र रूप ले लिया और पुलिस पर पथराव किया गया। इस घटना में दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल, एडिशनल एसपी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

3000 से ज्यादा लोगों के जुटने का दावा
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6 बजे से बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी दतिया शहर में जुटने लगे थे। एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि करीब 3000 से अधिक लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और बाजार बंद कराने के साथ ही हाईवे पर चक्का जाम कर दिया।

हाईवे जाम होने से करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे आसपास के जिलों में भी यातायात प्रभावित हुआ।

समझाइश के बाद भी नहीं हटे प्रदर्शनकारी
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से कई बार जाम हटाने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। इसके बाद सुबह करीब 4 बजे स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ लोगों ने पुलिस बल पर पत्थरों से हमला कर दिया।
पथराव में एसपी मयूर खंडेलवाल, एडिशनल एसपी समेत छह से अधिक पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, कार्रवाई जारी
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। वहीं, उपद्रव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल दतिया में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।








