तीन माह तक छह जिलों की सीमा में प्रवेश पर रोक, पुलिस कमिश्नर ने जारी किया आदेश
रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस कमिश्नरेट लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में आदतन अपराधी राजकुमार उर्फ चेतन साहू को जिला बदर कर दिया गया है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को तीन माह के लिए छह जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने का आदेश जारी किया है।

छह जिलों में प्रवेश पर प्रतिबंध
जारी आदेश के अनुसार राजकुमार उर्फ चेतन साहू को रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिले की राजस्व सीमाओं से तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया गया है। निर्धारित अवधि के दौरान वह इन जिलों की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेगा।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। ऐसे लोगों के खिलाफ भविष्य में भी कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

अपराधियों पर पुलिस की नजर
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।








