मारपीट के बाद हाथ-पैर बांधकर गला दबाने का आरोप, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बाल संप्रेक्षण गृह के अंदर चौकीदार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि चार बाल अपचारियों ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की, इसके बाद उसके हाथ-पैर बांधकर गला दबा दिया और मुंह में गमछा ठूंस दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बाल अपचारी मौके से फरार हो गए।

घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे (40) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक साल से बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार के पद पर कार्यरत था।

रविवार रात हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे बाल संप्रेक्षण गृह में यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद चारों बाल अपचारी वहां से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या के आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, फरार बाल अपचारियों में से एक आरोपी की उम्र 20 साल हो चुकी थी और उसे जल्द ही जेल शिफ्ट किए जाने की तैयारी थी। वहीं दूसरा आरोपी हत्या और तीसरा दुष्कर्म के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह में बंद था। पुलिस सभी फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

सेंट्रल जेल की घटना से सीखने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपियों ने हाल ही में सेंट्रल जेल में हुई कैदी की हत्या की घटना से प्रेरणा तो नहीं ली। पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों ने मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस घटना के पीछे संप्रेक्षण गृह के कुछ अधिकारियों की भूमिका हो सकती है। परिजनों ने आरोप लगाया कि “सिंह सर और अधीक्षक मैडम ने मर्डर करवाया है।” हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार लोगों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।









