मारपीट के बाद धारदार हथियार से हमला कर कुएं में फेंकने का आरोप, इलाज के दौरान पति की मौत
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने ही पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पति के साथ मारपीट की, धारदार हथियार से हमला किया और फिर उसे कुएं में फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल पति की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मामला बीजापुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

पति-पत्नी दोनों थे नगर पालिका में सफाई कर्मचारी
जानकारी के अनुसार, बीजापुर शहर के वार्ड क्रमांक-7 शांतिनगर निवासी दिलीप कड़ियम और उसकी पत्नी रिंकी कुड़ियम नगर पालिका बीजापुर में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। काम के दौरान भी दोनों के बीच अनबन की बात सामने आई है।
साथियों के साथ मिलकर हमला करने का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार, 5 जुलाई को रिंकी कुड़ियम ने कुछ युवकों के साथ मिलकर दिलीप पर हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उसके साथ जमकर मारपीट की और फिर धारदार हथियार से वार किया।

इसके बाद आरोपियों ने दिलीप के सिर पर पत्थर से हमला कर उसे घर के पास स्थित कुएं में धक्का दे दिया।
जगदलपुर रेफर करने के बाद हुई मौत
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल दिलीप को परिजनों ने तत्काल जिला अस्पताल बीजापुर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जगदलपुर (मेकाज) रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान दिलीप की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही आरोपियों से पूछताछ
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की भूमिका, हत्या की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









