तोरवा पुलिस की कार्रवाई में 3.264 किलो प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त, पंजाब समेत अन्य जिलों के आरोपी शामिल
बिलासपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तोरवा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पोस्ता-डोडा (डोडा चूरा) की तस्करी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.264 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ पोस्ता-डोडा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
तोरवा थाना पुलिस शनिवार रात क्षेत्र में अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि महमंद बायपास रोड पर चार संदिग्ध युवक एक थैले में मादक पदार्थ लेकर खड़े हैं और उसे बेचने की फिराक में हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
तलाशी में मिला डोडा-पोस्ता, चारों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके पर मौजूद संदिग्ध युवकों को पकड़कर पूछताछ की और नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास रखे थैले से 3.264 किलोग्राम डोडा-पोस्ता बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान सामने आई, जिनमें दो आरोपी पंजाब के, एक मुंगेली जिले का और एक बिलासपुर जिले का निवासी बताया गया है। पुलिस ने मौके से मादक पदार्थ जब्त कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती जारी
तोरवा पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।









