स्टेट बैंक के पास वारदात, शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने आरोपी को दबोचा

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में दिनदहाड़े साढ़े तीन लाख रुपये की लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। दर्रीपारा स्थित स्टेट बैंक के पास एक बुजुर्ग से 3 लाख 50 हजार रुपये लूटकर भाग रहे आरोपी युवक को स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे थे बुजुर्ग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग अपने निजी काम के लिए बैंक से 3.50 लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बैंक के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मौके से भागने लगा।

शोर मचाते ही लोगों ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ा
लूट के बाद बुजुर्ग ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग आरोपी के पीछे दौड़ पड़े। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और पुलिस के पहुंचने पर आरोपी को सौंप दिया।

पुलिस कर रही आरोपी से पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और लूट की रकम की बरामदगी सहित पूरे मामले की जांच की जा रही है।









