प्रेम संबंध के दौरान हुआ विवाद, मारपीट के बाद महिला का शव महानदी तट पर फेंका
रायपुर। रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या चरित्र पर संदेह के चलते की गई। आरोपी ने प्रेम संबंध के दौरान महिला पर शक करते हुए उसके साथ मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर शव महानदी तट पर फेंक दिया।

महानदी तट पर मिला था महिला का शव
मामला ग्राम पारागांव श्मशान घाट के पास महानदी तट का है। 13 जुलाई 2026 को यहां रूकमणी सोनवानी का शव लहूलुहान हालत में मिला था। महिला के जांघ, कूल्हे, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे। सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

6-7 साल से था प्रेम संबंध
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका रूकमणी सोनवानी का सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह, पिता गरजा सिंह, उम्र 37 वर्ष, निवासी पंजाब, हाल ग्राम मुढीपार, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद के साथ पिछले 6 से 7 वर्षों से प्रेम संबंध था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था।
दूसरे पुरुष के साथ देखने पर जताया शक
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे आरोपी ने रूकमणी को किसी अन्य पुरुष के साथ देखा। इसके बाद उसने महिला के चरित्र पर संदेह जताते हुए गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि आरोपी ने धारदार कड़े और हाथ-मुक्कों से महिला पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद शव महानदी तट पर फेंका
वारदात के बाद आरोपी महिला का शव महानदी तट पर फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।








